सरोवर नगरी में ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन परवान चढ़ने लगा है। सप्ताहांत पर अधिकांश होटल पैक हो गए और पार्किंग स्थल पर्यटक वाहनों से पट गए। नगर में आठ हजार से अधिक सैलानियों के पहुंचने का अनुमान है, जबकि हल्द्वानी, कालाढूंगी और भवाली मार्ग से दो हजार से अधिक पर्यटक वाहनों की एंट्री हुई है।
भवाली रोड में छावनी परिषद के पास सड़क चौड़ीकरण काम की वजह से जाम लगता रहा। रोडवेज बसों में भी सीट को लेकर मारामारी रही। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नियमित अंतराल में वाहनों को छोड़ा। जाम की वजह से पर्यटकों ने पुलिस के यातायात प्लान को खूब कोसा।
शुक्रवार सुबह से ही सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रही। दो हजार से अधिक पर्यटक वाहनों ने नगर में प्रवेश किया है। इस बीच यातायात व्यवस्था रेंगती नजर आई। मस्जिद चौराहा, चिड़ियाघर रोड, हल्द्वानी रोड, भवाली रोड, बिड़ला रोड समेत मालरोड में वाहन रेंगते नजर आए। पार्किंग स्थलों के अभाव के कारण यातायात चरमराया।
स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वाटरफाल, केव गार्डन, चिड़ियाघर समेत अन्य पर्यटन स्थलों में सैलानियों की भीड़ रही। मालरोड भी पूरी तरह पर्यटकों से भरी रही। नौका विहार करने वालों का पूरे दिन तांता लगा रहा। मैदानी इलाकों में चिलचिलाती गर्मी से परेशान होकर पहुंचे पर्यटकों ने माल रोड पर अफगानी चिनार आदि पेड़ों की छांव में बैठकर दौरे को यादगार बनाया।
बाजारों में पर्यटन सीजन के छिटपुट कारोबार भी चल पड़े हैं। जिले के नयना देवी बर्ड रिजर्व के पंगोट से विनायक, कुंजखड़क तक, मुक्तेश्वर, रामगढ़, खुर्पाताल, भीमताल अन्य पर्यटन स्थलों में भी सैलानी पहुंचने लगे हैं। सैलानियों की भीड़ बढ़ने के साथ ही होटल-गेस्ट हाउसों में फुल टैरिफ प्रभावी हो गया है। लेक साइट सीन में टूर के पैकेज भी बढ़ गए हैं।
