एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 10 दिवसीय मेले का होगा आयोजन, 250 स्टॉलों पर सजेगा देशभर के उत्पादों का बाजार, सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के दिए निर्देश
हल्द्वानी एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। दस दिवसीय इस मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी रहेगी। मेले में करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और स्वरोजगार से जुड़े उत्पादों की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां विभागीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
मेले के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को विकासखंड सभागार हल्द्वानी में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान आगंतुकों और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जिसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सांसदों, विधायकों एवं आमंत्रित अतिथियों को समय से निमंत्रण पत्र और ई-कार्ड भेजने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि 18 नवंबर तक सरस मेले से संबंधित सभी प्रकार की बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल का विस्तृत मैप तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए, ताकि स्टॉलों के आवंटन और अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित तरीके से अंतिम रूप दिया जा सके।
सीडीओ ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जिला सूचना अधिकारी को मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार और मीडिया सेल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला जनपद का एक प्रतिष्ठित आयोजन है। इसमें देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में आमजन के पहुंचने की संभावना है। यह मेला विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय संस्कृति को एक मंच प्रदान करने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय सीमा में पूरे करने होंगे।
