Uttarakhand – उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी 13 जिलों के लिए अलग-अलग स्तर के अलर्ट जारी किए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।
मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है। भारी बारिश के कारण पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की स्थिति बन सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आ सकती है।
26 सितंबर को इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
