हल्द्वानी। हीरानगर स्थित क्रियाशाला के सामने वन विभाग की चारदीवारी के पास शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे करीब आठ फीट लंबा सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सांप को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच सूचना तराई केंद्रीय वन प्रभाग के रेस्क्यू कर्मी सुभाष को दी गई।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ से घबराया सांप वहां खड़ी एक स्कूटी में जा घुसा। सांप के स्कूटी में घुसते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद कुछ लोग स्कूटी को पैदल ही पास में मैकेनिक की दुकान तक ले गए।
दुकान पर मैकेनिक के डिग्गी खोलने पर वन विभाग के रेस्क्यू कर्मी ने काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू कर्मी सुभाष के अनुसार पकड़ा गया सांप करीब आठ फीट लंबा रेट स्नेक प्रजाति का सांप है। उन्होंने बताया कि यह सांप जहरीला नहीं होता।
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद स्कूटी चालक ने वन विभाग की टीम का आभार जताया। बाद में रेस्क्यू टीम ने सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
