उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कैंची धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे के पर्यटकों की स्कॉर्पियो भवाली-ज्योलिकोट मार्ग पर भूमियाधार थाई के पास बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल 5 पर्यटक सवार थे। इस दुर्घटना में एक पर्यटक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। कार में मौजूद एक पर्यटक सुरक्षित है।
खाई में गिरी कार, SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। जवानों ने खाई में उतरकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद खाई में क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों और मृतक को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा कि मृतक और सभी पर्यटक हरियाणा के रहने वाले हैं।
घायलों को भवाली अस्पताल में कराया गया भर्ती
एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए भवाली ले जाया, जहां अस्पताल में उनका प्राथमिक उपचार जारी है।हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
हादसा किस कारण से हुआ—वाहन की रफ्तार, तकनीकी खराबी या चालक को झपकी आना—इस बात का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
