झूलाघाट (पिथौरागढ़): स्थानीय अटल उत्कृष्ट विद्यालय में तैनात एक अतिथि शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। आरोपी शिक्षक पर विद्यालय के चार विद्यार्थियों को अपने साथ एक गेस्ट हाउस ले जाकर देर रात शराब पिलाने का गंभीर आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक चारों विद्यार्थियों को लेकर झूलाघाट स्थित एक गेस्ट हाउस में रुका हुआ था। देर रात जब परिजनों को इस बात की भनक लगी, तो वे गेस्ट हाउस पहुंचे। वहां कमरे का नजारा देखकर अभिभावक दंग रह गए—शिक्षक और छात्र एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर ही शिक्षक को धर दबोचा और जमकर हंगामा हुआ।
घटना से आक्रोशित लोगों ने तुरंत झूलाघाट पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक और विद्यार्थियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एक गुरु द्वारा अपने ही शिष्यों को इस तरह के अनैतिक कृत्य में ढकेलने की इस घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। अभिभावकों ने आरोपी अतिथि शिक्षक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उसे सेवा से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
