हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 216 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की कीमत करीब 64.80 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर को हल्द्वानी की मंडी क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास चेकिंग के दौरान टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है और अधिक पैसे कमाने के लालच में अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर लाया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस के एक मामले में पहले जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में की गई। एसएसपी ने पुलिस टीम को सराहनीय कार्य के लिए 2,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
