रानीबाग –
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तराखंड द्वारा आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता “खेल महाकुंभ” का आज राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रानीबाग में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान कलावती थापा ने शुभारम्भ किया ।
खेल महाकुंभ का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति का विकास करना, युवाओं एवं दिव्यांगजनों को खेलों से जोड़ना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना, युवाओं को नशे से दूर रखकर नशामुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य पूरा करना तथा फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़कर सभी आयु वर्ग के लोगों का शारीरिक विकास सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष ग्राम पंचायत एवं न्याय पंचायत स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।
आज न्याय पंचायत रानीबाग के अंतर्गत आने वाले अमिया, दोगड़ा, भद्यूनी और सूर्याजाला विद्यालयों की विभिन्न आयु वर्ग की बालिकाओं की दौड़, लंबी कूद और मुर्गा झपट प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
अंडर-19 वर्ग में 800 मीटर दौड़ में लक्ष्मी, 400 मीटर में मोहिनी तथा 100 मीटर में निहारिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में प्रियंका बाजपेई प्रथम और लक्ष्मी द्वितीय रहीं। अंडर-14 वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताओं में शालिनी और प्रियांशी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित मुर्गा झपट प्रतियोगिता में निशा प्रथम और मेघा द्वितीय स्थान पर रही।
विद्यालय की प्रधानाध्यापक निधि मेहरा ने बताया कि कल बालक वर्ग की दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान ब्ल्यूटी विपिन पलड़िया ने की। इस अवसर पर उप प्रधान आनंद कुजरवाल, संरक्षक महेश भंडारी, निर्णायक मंडल के महेश उपाध्याय, प्रकाश चंद्र, जगदीश चुफाल तथा विद्यालय परिवार के राकेश सती, सोनिका और नीमा पटवाल उपस्थित रहे।
