हल्द्वानी। ”उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के बीच शैक्षणिक एवं संस्थागत सहयोग को नई दिशा देने की पहल शुरू हो गई है। दोनों संस्थानों के बीच शीघ्र ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाने पर सहमति बनी है। इस समझौते से मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होने के साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने एनआईओएस मुख्यालय पहुंचकर संस्थान के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, संस्थागत उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में दोनों संस्थानों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत बनाने, शैक्षणिक अनुभवों और संसाधनों का आदान-प्रदान करने तथा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने पर भी विचार साझा किए गए।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने एनआईओएस अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्रा को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, प्रो. अखिलेश मिश्रा ने भी एनआईओएस की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों और संस्थान की आगामी योजनाओं से अवगत कराया।
बैठक का महत्वपूर्ण निष्कर्ष दोनों संस्थानों के बीच शीघ्र एमओयू किए जाने पर बनी सहमति रही। इसके तहत आपसी समन्वय से आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे दोनों संस्थान एक-दूसरे के अनुभवों और विशेषज्ञता का लाभ उठा सकेंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रस्तावित साझेदारी को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे न केवल दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक संबंध मजबूत होंगे, बल्कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा को अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाने की दिशा में भी नए रास्ते खुलेंगे।
