रामनगर। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार पाने का बेहतर अवसर सामने आया है। नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं को अब दूसरे शहरों की दौड़ लगाने के बजाय अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने का मौका मिलेगा। 28 नवंबर को रामनगर में रोजगार महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सात कंपनियां हिस्सा लेंगी। इस रोजगार मेले के माध्यम से करीब 650 युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रोजगार महाकुंभ का आयोजन पीरूमदारा में कुंदन स्वीट्स के पीछे स्थित होटल कनार में किया जाएगा। कांग्रेस नेता एवं कंप्यूटर इंजीनियर विजय शर्मा भदोला की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ना और पलायन की समस्या को कम करना है। खास बात यह है कि इस आयोजन में तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
आईटीआई और पॉलिटेक्निक युवाओं को प्राथमिकता
रोजगार मेले के पहले चरण में आईटीआई और पॉलिटेक्निक से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए ब्लू-कॉलर श्रेणी की नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। विभिन्न कंपनियां युवाओं की योग्यता और प्रशिक्षण के आधार पर भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगी। युवाओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए वेबसाइट और रजिस्ट्रेशन फॉर्म तैयार किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी क्यूआर कोड के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
हर तीन महीने में रोजगार महाकुंभ कराने की तैयारी
विजय शर्मा भदोला ने बताया कि उनकी कोशिश है कि प्रत्येक तीन महीने में इस तरह के रोजगार आयोजन कराए जाएं, जिससे रामनगर और आसपास के युवाओं को नौकरी के लिए दिल्ली, नोएडा और अन्य बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक बैनर के तहत नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत पहल और मिशन के रूप में किया जा रहा है।
दूसरे चरण में बीपीओ और डेटा सेंटर की नौकरियों पर नजर
उन्होंने बताया कि रोजगार महाकुंभ के अगले चरण में बीपीओ और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में व्हाइट-कॉलर नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। इसके माध्यम से तकनीकी और शिक्षित युवाओं को भी रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामनगर क्षेत्र में पलायन लंबे समय से एक बड़ी समस्या रहा है। इसे पूरी तरह समाप्त करना भले ही चुनौतीपूर्ण हो, लेकिन स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाकर इसे काफी हद तक कम किया जा सकता है।
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बेहतर मौका
28 नवंबर को आयोजित होने वाला यह रोजगार महाकुंभ उन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है, जो लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे हैं। सात कंपनियों की सहभागिता और 650 युवाओं को रोजगार देने के लक्ष्य से क्षेत्र में रोजगार की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।
