हल्द्वानी – शहर के भोलानाथ गार्डन क्षेत्र स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग मकान की दूसरी मंजिल में बने कपड़ों के गोदाम में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम से धुआं और ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली और गोदाम में भारी मात्रा में कपड़ा होने के कारण दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस टीम ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के मकानों को खाली करा दिया है और इलाके की घेराबंदी कर दी है।
फिलहाल आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा आग के सटीक कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
