गणेश चतुर्थी पर पूज्य देव की प्रतिमा स्थापित कर सोमवार को गणेश महोत्सव शुरू हो गया। घरों में पूजा के साथ गणपति की प्रतिमा स्थापित की जा रही हैं। वहीं शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजक समितियों की ओर से बैंड बाजे के साथ गणपति की शोभायात्रा निकालकर पंडाल में विराजमान किया जा रहा है। 24 सितंबर तक नित्य भजन संध्या होगी जबकि 25 को नगर परिक्रमा के बाद अंनत चतुर्दशी पर विसर्जन किया जाएगा।
रंगीन लाइटों से सजे पंडाल
पंडालों को रंग-विरंगी लाइटों से सजाया गया। वहीं कई जगह गणपति की प्रतिमा को रंग देकर अंतिम रूप दिया। देर शाम तक विभिन्न क्षेत्रों से लाकर लोगों ने मूर्तियों को पंडाल में रखा। सोमवार को क्षेत्र भ्रमण व पूजा अर्चना के बाद गणपति बप्पा को स्थापित किया जाएगा। लोगों ने घरों में भी बप्पा को विराजमान करने की तैयारी की है। इस दौरान भजन कीर्तन भी किए जाएंगे। वहीं विसर्जन की बात करें तो तीसरे, पांचवें, सातवें व 10वें दिन में विभिन्न आयोजन समिति विजर्सन करती हैं।
सुबह 11 बजकर दो मिनट से शुभ मुहूर्त
देहरादून के डॉ. आचार्य सुशांत राज के अनुसार भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि सोमवार रहेगी। गणपति स्थापना और पूजा के लिए मध्याह्न का समय विशेष शुभ माना गया है। इस दिन सुबह 11 बजकर दो से दोपहर एक बजे कर 31 मिनट तक पूजा का शुभ मुहूर्त रहेगा। भगवान गणेश को दूर्वा,लाल फूल, फल और मोदक अर्पित किए जाएंगे। 10 दिवसीय गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर होगा। हालांकि, श्रद्धालु परंपरा के अनुसार पहले भी विसर्जन कर सकते हैं। पूजा के लिए करीब 2 घंटे 15 मिनट का शुभ मुहूर्त है।
