
हल्द्वानी/नैनीताल।
जहां एक ओर एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां और हो-हल्ला अपने चरम पर है, वहीं नैनीताल के प्रसिद्ध डीएसबी परिसर में वात्सल्य और राजनीति का एक बेहद अनूठा व भावुक कर देने वाला संगम देखने को मिल रहा है। हल्द्वानी के वार्ड नंबर 10 की निर्वाचित पार्षद बीना चौहान अपने बेटे को छात्रसंघ अध्यक्ष पद की कुर्सी तक पहुंचाने के लिए खुद चुनावी समर में उतर चुकी हैं।
बीना चौहान के बेटे भानु प्रताप सिंह चौहान (देव) नैनीताल के डीएसबी कॉलेज से छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं। बेटे की राह आसान करने और उसके ‘चुनावी रथ की सारथी’ बनने के लिए पार्षद मां ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने अपने बेटे का हौसला बढ़ाने और उसके प्रचार में कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए स्वयं भी डीएसबी कॉलेज में एम.ए. (प्रथम वर्ष) में दाखिला ले लिया है।
कॉलेज परिसर और शहर की गलियों में बेटे के समर्थन में वोट मांगती पार्षद मां की तस्वीरें इस समय हर किसी का ध्यान खींच रही हैं। एक मां का अपने ‘कलेजे के टुकड़े’ की जीत के लिए इस हद तक समर्पित होना और खुद छात्र बनकर चुनावी रणक्षेत्र में उतरना, पूरे क्षेत्र में चर्चा और कौतूहल का विषय बना हुआ है।
पार्षद बीना चौहान के इस अनोखे और अटूट मातृ-प्रेम की हर जगह भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है। लोग इसे केवल एक राजनीतिक चुनाव प्रचार नहीं, बल्कि मां के निस्वार्थ समर्थन और हौसले की एक मिसाल के रूप में देख रहे हैं।
