मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वर्ष 1954 से संचालित राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोठाल गेट में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा रात के अंधेरे में स्कूल की सुरक्षा दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि निजी होटल, स्कूल और एस्टेट तक जाने वाले रास्ते को चौड़ा करने और बड़े वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से इस साजिश को अंजाम दिया गया।
35 से अधिक बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्र पर खतरा
इस विद्यालय में वर्तमान में लगभग 35 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। साथ ही परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है, जहां छोटे बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। दीवार तोड़े जाने और नई अवैध दीवार खड़ी कर रास्ता बंद किए जाने से पूरे विद्यालय भवन के अस्तित्व और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
जनप्रतिनिधियों और SMC का कड़ा रुख
विद्यालय के अध्यापक सुरेश जोशी ने घटना की जानकारी विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों ने अवैध रूप से खड़ी की गई दीवार को ध्वस्त कर दिया।
अध्यापक सुरेश जोशी ने बताया कि यह पूरी कार्यवाही एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। जनप्रतिनिधियों ने स्कूल प्रशासन को मामले में संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिक दर्ज (FIR) कराने के निर्देश दिए हैं।
