देहरादून। राजधानी देहरादून के बल्लीवाला चौक (नाथ वाटिका) क्षेत्र में ऑनलाइन माध्यम से घरेलू सहायक रखना भाजपा पार्षद के परिवार को भारी पड़ गया। वार्ड 36 (विजय पार्क) की पार्षद अमिता सिंह के घर में लगभग 20-25 दिन पहले रखे गए नेपाल मूल के नौकर ने मंगलवार रात खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर पूरे परिवार को बेहोश कर दिया और लाखों की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गया।

भरोसा जीतकर दिया वारदात को अंजाम: दिल्ली में रहने वाली पार्षद की बेटी मेघा ने करीब 20-25 दिन पहले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए इस नेपाली नागरिक को घर के कामकाज के लिए रखा था। बीते दिनों में उसने परिवार का भरोसा हासिल कर लिया था।
भोजन में मिलाया नशीला पदार्थ: मंगलवार रात आरोपी ने चालाकी से भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए।
लाखों की नकदी व आभूषण पार: परिवार के बेहोश होते ही आरोपी घर में रखी लाखों रुपये मूल्य की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गया। चोरी गई कुल संपत्ति का सटीक आकलन किया जा रहा है।

अस्पताल में इलाज जारी: होश में आने के बाद घटना की जानकारी हुई। अमिता सिंह की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति और बेटे की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस व फॉरेंसिक जांच: पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस वारदात को अकेले अंजाम दिया या इसमें उसके अन्य साथी भी शामिल थे। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
