प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
हीट वेव और हीट स्ट्रोक से बचाव एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी कर दी है।
साथ ही प्रत्येक जिला चिकित्सालय और चिकित्सा इकाई में विशेष हीट स्ट्रोक रूम बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इन हीट स्ट्रोक रूम में आइस पैक, आईवी फ्लूइड, ओआरएस सॉल्यूशन, आवश्यक दवाइयों और वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की ओर से तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से हीट स्ट्रोक से बचाव को लेकर जागरूकता सामग्री भी जिलों में भेजी गई है।
अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, पंपलेट और जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने आमजन से अपील की कि अत्यधिक गर्मी के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

