हरिद्वार: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हरिद्वार से आगामी चुनाव लड़ने की चर्चाओं और बयानों पर हरिद्वार से भाजपा सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तंज कसा है। हरिद्वार में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने हरीश रावत पर क्रिकेट के अंदाज में जमकर चुटकी ली।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरीश रावत को राजनीति का ‘गुगली मास्टर’ करार देते हुए कहा, “हरीश रावत गुगली मास्टर हैं। अब उनकी गुगली कहां जाकर टकराएगी या किसका स्टंप उखाड़ेगी, कुछ कहा नहीं जा सकता। यहां तक कि वे अपनी ही गुगली पर खुद कैच आउट होंगे या हिट विकेट, यह भी कोई नहीं जानता।”
चुनाव लड़ने के सवाल पर त्रिवेंद्र सिंह ने आगे कहा कि चुनाव लड़ना या लड़ाना पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “हमारी ओर से तो उनके लिए हमेशा शुभकामनाएं हैं। हम तो बस ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की मंगल कामना ही कर सकते हैं।”
