Haldwani – महिलाओं के साथ हो रहे बलात्कार, हत्या, उत्पीड़न एवं अत्याचार तथा प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर आज हल्द्वानी में जिला महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को मुख्य रूप से हल्द्वानी विधायक श्री सुमित हृदयेश ने संबोधित किया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, अंकिता भंडारी प्रकरण, स्थानीय जनहित के मुद्दों तथा UPI भुगतान से जुड़े विषयों पर सरकार से जवाबदेही की मांग की गई।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि NCRB के आंकड़े महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर गंभीर चिंता पैदा करते हैं। आंकड़ों के अनुसार हिमालयी राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर उत्तराखंड की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उत्तराखंड जैसे राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता हमारी बेटी और बहन थी। चार साल बीत जाने के बाद भी उसके परिवार और प्रदेश की जनता के कई सवाल अनुत्तरित हैं। रिसॉर्ट पर बुलडोजर किसके आदेश पर चलाया गया, साक्ष्यों को लेकर उठी आशंकाओं पर अब तक स्पष्ट जवाब क्यों नहीं मिला और सदन में जिस कथित वीआईपी का उल्लेख हुआ, वह आखिर कौन था—इन सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कहा कि अंकिता किसी प्रभावशाली परिवार से नहीं थी, वह हमारे-आपके घर की बेटी थी। न्याय तभी पूरा माना जाएगा, जब इस मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों के तथ्यात्मक जवाब सामने आएं और यदि कहीं जांच में लापरवाही या साक्ष्यों से छेड़छाड़ हुई है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय हो।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी मामले को उग्र बनाने की नहीं, बल्कि पारदर्शी, निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रही है। सरकार को बताना चाहिए कि चार साल बाद भी अंकिता के परिवार और प्रदेश की जनता के मन में उठ रहे महत्वपूर्ण सवालों के स्पष्ट जवाब क्यों नहीं मिले हैं।
