हल्द्वानी। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा बेहद नाराज नजर आए। शनिवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जाम की वजह से आम जनता परेशान हो रही है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें जनता की नाराजगी क्यों झेलनी पड़े?केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चार दिन के भीतर यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा।
‘जाम के कारण मैं क्यों गाली खाऊं?’
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जाम के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। आम यात्रियों और पर्यटकों को घंटों सड़कों पर फंसे रहना पड़ता है, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि जाम की वजह से लोगों की जान तक जा रही है और इसके लिए जनता के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है।मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि यातायात व्यवस्था को लेकर केवल बैठकों और निर्देशों तक सीमित न रहा जाए, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे आम लोगों को जाम से राहत मिल सके।
चार दिन में सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
केंद्रीय मंत्री ने पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों को चार दिन के भीतर यातायात व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले मार्गों और उन स्थानों को चिह्नित किया जाए, जहां बार-बार जाम की स्थिति बनती है। इसके साथ ही यातायात पुलिस की तैनाती, वाहनों के संचालन और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले यातायात के प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
भवाली और अल्मोड़ा जाने वाले वाहनों को ज्योलीकोट से भेजने के निर्देश
हल्द्वानी में यातायात का दबाव कम करने के लिए केंद्रीय मंत्री ने भवाली और अल्मोड़ा की ओर जाने वाले यात्रियों को ज्योलीकोट के रास्ते भेजने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य हल्द्वानी के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करना और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत दिलाना है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रूट डायवर्जन की व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू की जाए और यात्रियों को पहले से ही सही मार्ग की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी यात्री या पर्यटक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कैंची धाम में भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
कैंची धाम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ने मंदिर कमेटी से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को दूसरे रास्ते से बाहर निकालने की व्यवस्था पर विचार किया जाए, ताकि एक ही मार्ग पर भीड़ एकत्र न हो और जाम की स्थिति से निपटने में मदद मिल सके।
