कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रसंघ चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय परिसर और उससे संबद्ध सभी महाविद्यालयों में 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। चुनाव अधिसूचना 23 सितंबर को जारी होगी।
आइए जानते हैं चुनाव का पूरा कार्यक्रम:
24 सितंबर: सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री।
25 सितंबर: सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे।
26 सितंबर: सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, और दोपहर 1 से 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा।
28 सितंबर: प्रशासन की अनुमति मिलने पर सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक छात्र आमसभा होगी। शाम 4 बजे से चुनाव प्रचार पूरी तरह थम जाएगा।
29 सितंबर (मतदान एवं परिणाम): सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर शपथ ग्रहण संपन्न कराया जाएगा।
इस बार चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष (छात्र), उपाध्यक्ष (छात्रा आरक्षित), सचिव, संयुक्त सचिव (छात्रा आरक्षित), कोषाध्यक्ष (छात्रा आरक्षित) और सांस्कृतिक सचिव के एक-एक पद शामिल हैं। साथ ही हर संकाय से एक संकाय प्रतिनिधि और एक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि भी चुना जाएगा।
चुनाव खर्च को लेकर लिंगदोह समिति की सिफारिशों का सख्ती से पालन होगा। 10 हजार से कम छात्र संख्या वाले संस्थानों में खर्च की सीमा 25 हजार रुपये और 10 हजार से अधिक छात्र संख्या वाले संस्थानों में अधिकतम 50 हजार रुपये तय की गई है। प्रचार सामग्री के लिए केवल हस्तनिर्मित पोस्टर-बैनर का ही उपयोग किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परिसरों और कॉलेजों को तय शेड्यूल के अनुसार शांतिपूर्ण चुनाव कराने के सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं।
