हरिद्वार – उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से लुटेरी दुल्हन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में शादी के महज दो दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन अपने गैंग के साथ घर से नकदी और सामान लेकर फरार होने लगी, लेकिन परिजनों की सतर्कता से पूरा गैंग पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने तहरीर दी कि उसके भाई योगेश पुरी की शादी मिर्जापुर उत्तर प्रदेश निवासी रुकमीना नाम की युवती से हुई थी। शादी के लिए दुल्हन पक्ष से चार लोग भी आए थे जिन्हें दुल्हन ने अपना रिश्तेदार बताया था। आरोप है कि शादी की दूसरी रात दुल्हन ने पति योगेश को चाय में नशीला पाउडर मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद गुरुवार तड़के दुल्हन अपने साथियों के साथ घर से नकदी और कीमती सामान समेटकर निकलने लगी।
इसी दौरान पीड़ित के भाई प्रवेश की नजर उस पर पड़ गई। उसने शोर मचा दिया तो आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और भाग रहे पांचों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची बहादराबाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय दुल्हन रुकमीना निवासी मिर्जापुर, अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, रागिनी पाल निवासी शामली, पुनीत कुमार निवासी शामली और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर राजस्थान शामिल हैं। उनके कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो शादी के इच्छुक युवकों को जाल में फंसाता है और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य पीड़ितों के बारे में जांच की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाह तय करने से पहले सामने वाले व्यक्ति और उसके परिवार का भली-भांति सत्यापन जरूर करें।
