नैनीताल में 36 घंटे से मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे हल्द्वानी रोड सहित 15 सड़कें बाधित हैं।
नैनीताल। शहर में बीते 36 घंटे से मूसलधार वर्षा से जनजीवन ठहर गया है। रोजमर्रा के कामकाज के लिए आवाजाही में लोगों को भारी फजीहत उठानी पड़ रही है। हल्द्वानी रोड में दोगांव के समीप भारी मलबा आने से यातायात बाधित है।
वाहनों को वाया भीमताल भवाली व कालाढूंगी रोड से भेजा जा रहा है। बीते 24 घंटे में शहर में 185 मिमी वर्षा हो चुकी है। जिससे झील का जलस्तर बढ़कर 88.8 फीट पहुंच गया है। जिले में मलबा आने से 15 मोटर मार्ग बाधित है।
शहर में शुक्रवार रात से ही वर्षा का क्रम जारी है। शनिवार पूरा दिन व रात के बाद रविवार को भी वर्षा थमी नहीं है। मूसलधार वर्षा से शहर का पर्यटन कारोबार चौपट हो गया। पर्यटकों की आमद नहीं होने से सड़के सुनसान पड़ी है।
