हल्द्वानी – पटाखा बिक्री स्थलों पर फायर ब्रिगेड रहेगी अलर्ट, भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं और सीसीटीवी निगरानी को किया जाएगा मजबूत
प्रकाश पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कुमाऊँ पुलिस ने व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। इस संबंध में आईजी कुमाऊँ रेंज निवेदिता कुकरेती ने मंडल के सभी जनपदों के पुलिस कप्तानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन सेवाओं, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
आईजी निवेदिता कुकरेती ने निर्देश दिए हैं कि आतिशबाजी की दुकानों और पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थलों पर अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम किए जाएँ। साथ ही फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड पर रखा जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत आवश्यक स्थानों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी जनपदों में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच कराने को कहा गया है। जो कैमरे खराब हैं, उन्हें संबंधित स्थानीय लोगों और संस्थानों से समन्वय स्थापित कर तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
इसके अलावा पर्व के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। आईजी ने कहा कि कुमाऊँ क्षेत्र में सड़कें सीमित होने के कारण यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएँ।
आईजी निवेदिता कुकरेती ने सभी जनपदों को निर्देशित किया है कि प्रकाश पर्व के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए, ताकि आमजन बिना किसी परेशानी के त्योहार को हर्षोल्लास और सुरक्षित माहौल में मना सकें।
