नई दिल्ली। करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण TRAI ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण 13वां संशोधन विनियम, 2026 जारी कर दिया है। इस नियम के तहत अब सभी टेलीकॉम कंपनियों Jio, Airtel, Vi और BSNL को 30 दिन या उससे कम वैधता वाले प्लान पेश करने होंगे।
अभी तक ज्यादातर कंपनियां 28 दिन वैधता वाले प्लान दे रही थीं, जिसकी वजह से ग्राहकों को एक साल में 12 की जगह 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता था। नए नियम के बाद हर महीने एक ही तारीख पर रिचार्ज रिन्यू हो सकेगा और साल में सिर्फ 12 बार ही रिचार्ज करना होगा।
बिना डेटा वाले यूजर्स को भी फायदा
TRAI के नए नियम का दूसरा बड़ा हिस्सा वॉयस और SMS-ओनली वाउचर को लेकर है। अब कंपनियों को ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर STV लाने होंगे जिनमें सिर्फ वॉयस कॉल और SMS की सुविधा हो, डेटा न हो।
इससे उन लोगों को सीधा फायदा मिलेगा जो मुख्य रूप से बात करने और मैसेज भेजने के लिए ही मोबाइल इस्तेमाल करते हैं। जैसे ग्रामीण इलाके के यूजर्स, बुजुर्ग और फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग। कंपनियों को इन प्लान्स में डेटा न होने की वजह से कीमत में उचित कटौती भी करनी होगी।
राघव चड्ढा ने जताई खुशी
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे ‘रचनात्मक राजनीति’ का बेहतर उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि एक साल में 12 महीने होते हैं लेकिन 28 दिन वाले प्लान की वजह से उपभोक्ताओं को 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता था।
चड्ढा ने बताया कि उन्होंने 11 मार्च को संसद में 30 दिन की वैधता वाले प्लान और बिना डेटा वाले सस्ते वॉयस-ओनली प्लान लाने की मांग उठाई थी। TRAI द्वारा उनकी मांग को स्वीकार करने पर उन्होंने वीडियो संदेश के जरिए खुशी जताई है।
