मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी सीधे आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से जुड़ी होती है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता और धैर्य से सुनें तथा उसे संबंधित प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की सही जानकारी दें, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए। आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही आकलन कर पीड़ित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को भ्रष्टाचार से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि बिना किसी दबाव या सिफारिश के नियमों के अनुसार काम करें। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपनी कार्यशैली में सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया।
